दक्षिण भारत यात्रा और हिंदी: पंचम भाग, अंग्रेजी बनाम देसी भाषाएं

समूचे देश के दर्शन कर चुकने का दावा मैं अभी नहीं कर सकता । यूं कोई भी व्यक्ति पूरे देश का भ्रमण कर भी नहीं सकता है । वस्तुतः अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले कुछएक स्थानों का दर्शन कर ले कोई तो आप कह सकते हैं कि अमुक व्यक्ति ने देश घूम लिया । इस दृष्टि से मैं अपने बारे में यही कह सकता हूं कि अब तक काफी कुछ देख चुका हूं और वस्तुस्थिति का कुछ-कुछ अंदाजा हो चुका है मुझे ।

अपनी यात्राओं के दौरान मुझे जो भाषाई अनुभव हुआ है उसके आधार पर यह कह सकता हूं कि हिंदी-अंग्रेजी के सापेक्ष देश के नागरिकों को मोटे तौर पर तीन श्रेणियों में बांटा जा सकता है । प्रथमतः वे हैं जो केवल अपने क्षेत्र की भाषा बोल और समझ सकते हैं । हिंदी तथा अंग्रेजी के साथ-साथ देश की अन्य भाषाएं उनके लिए लगभग समझ से परे रहती हैं । बहुत हुआ तो उनके क्षेत्र या उसके सन्निकट के क्षेत्रों में बोली जाने वाली अन्य भाषा की थोड़ी बहुत जानकारी उनको हो सकती है । ऐसा मैंने तिरुमल तिरुपति देवस्थानम् (TTD अर्थात्‌ तिरुपति के निकट का विश्वप्रसिद्ध बालाजी बेंकटेश्वर मंदिर का क्षेत्र) में देखा है । तिरुमल देवस्थानम् है तो आंध्र प्रदेश में, किंतु यह तमिलनाडु की सीमा से बमुश्किल ७०-७५ कि.मी. की दूरी पर है (चेन्नै शहर से १५२ कि.मी.) । अतः यहां पर तमिल का भी चलन है और ऐसे लोग दिख जायेंगे जो तेलुगू के साथ तमिल भी जानते हैं । लेकिन हिंदी एवं अंगे्रजी उन्हें नहीं आती ।

द्वितीय श्रेणी में वे हैं जो थोड़ी-बहुत हिंदी जानते हैं और जिन्होंने हिंदी मुख्यतः व्यावसायिक कारणों से सीखी है । ये लोग होटलों-रेस्तरांओं में काम करते हैं, या किसी पर्यटक या दर्शनीय स्थल के पास चायपान या छोटी दुकान चलाते हैं, या रिक्शा, आटोरिक्शा, टैक्सी आदि चलाते हैं, इत्यादि । इनकी हिंदी मुख्यतया देश के विभिन्न कोनों से आने वाले हर प्रकार के पर्यटकों-यात्रिकों के संपर्क पर टिकी रहती है – ऐसे पर्यटक-यात्रिक जिनमें से कई स्वयं अच्छी अंग्रेजी जानते या हिंदी से काम चलाने में सुविधा महसूस करते हैं । इस श्रेणी के लोग अधिक पढ़े-लिखे नहीं होते, कम से कम आज के तथाकथित अंग्रेजी स्कूलों में ‘कांवेंट’-एजूकेटेड तो हरगिज नहीं होते हैं, जिससे अंग्रेजी बोलने-समझने की काबिलियत पा सके हों । इनकी हिंदी मात्र काम-चलाऊ कही जायेगी । फिर भी वह इनकी अंग्रेजी से बेहतर ही होती है ।

तृतीय श्रेणी में मैं उनको गिनता हूं जो पर्याप्त पढ़े-लिखे होते हैं, सरकारी और निजी व्यावसायिक संस्थाओं/कार्यालयों में कार्य करते हैं, या माध्यमिक अथवा उसके ऊपर के शिक्षण संस्थाओं में कार्यरत रहते हैं, खासकर आजकल के अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में । आम तौर पर ये क्षेत्रीय भाषाएं जानते हैं, और कइयों को हिंदी का भी ज्ञान रहता है, किंतु अंग्रेजी उनकी प्राथमिकता रहती है । वे क्षेत्रीय भाषाओं अथवा मातृभाषाओं का प्रयोग आपस में तथा अपने कुटुंबीजनों के साथ करते हैं, लेकिन इस बात के हिमायती होते हैं कि लिखित रूप में अंग्रेजी ही प्रयुक्त होवे । इस श्रेणी के लोगों के लिए भारतीय भाषाओं की अहमियत सड़क पर चल रहे आम आदमी, श्रमिकों, रिक्शा-ठेले वालों, साग-सब्जी बेचने वालों, आदि के साथ वार्तालाप तक सीमित रहती है ।

यदि आप एक आम तीर्थयात्री या पर्यटक की हैसियत से अहिंदीभाषी क्षेत्र में घूम-फिर रहे हों तो आपका वास्ता सामान्यतः दूसरी श्रेणी के लोगों से रहेगा । रात्रि-विश्राम, दर्शनीय स्थलों पर आने-जाने, चाय-काफी आदि के लिए इन लोगों से मदद मिलती है । तब अधिकांश स्थलों पर हिंदी कदाचित् काम दे जायेगी । संयोग से अहिंदीभाषी से कुछ खरीद-फरोख्त करनी हो या उससे कोई जानकारी लेनी पड़े तो आसपास शायद कोई मिल जाये जो अपनी कामचलाऊ हिंदी के बल पर दुभाषिये का काम कर दे । लेकिन अगर आपको किसी व्यावसायिक या सरकारी कार्यालय में कार्य हो तब हिंदी से काम नहीं चलेगा । सरकारी कार्यालयों में क्षेत्रीय भाषा ही ठीक रहेगी, लेकिन बड़े व्यावसायिक संस्थानों में क्षेत्रीय भाषा के ऊपर अंग्रेजी ही पसंद की जायेगी । राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलनों और गोष्ठियों में भी औपचारिक भाषाई कार्य अंग्रेजी में ही संपन्न होगा ऐसा मान के चलिए । इन स्थलों में निजी तथा पारस्परिक वार्तालाप में प्रतिभागी अंग्रेजी से इतर भाषा का प्रयोग करते हुए अवश्य मिलेंगे, लेकिन कार्यक्रम संचालन में अंग्रेजी ही दिखाई देगी । राष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी हाल यही रहता होगा यह मेरा अनुमान है, भले ही उनमें हिंदी तथा अन्य भाषाओं के गीत-संगीत, नृत्य, नाटक आदि की प्रस्तुति हो ।

बोलचाल के स्तर पर दक्षिण भारत में कई मौकों पर हिंदी से काम चल जाता है, परंतु लिखित रूप में हिंदी शायद ही कहीं दिखे । हिंदी की पत्र-पत्रिकाएं भी आपको खोजनी पड़ेंगी और मुश्किल से कहीं मिल पायेंगी । इसके कारण हैं । कम पढ़े-लिखे लोग अपना काम क्षेत्रीय भाषाओं के स्थानीय अखबारों से चलाते हैं । अधिक शिक्षित लोग क्षेत्रीय भाषाओं के पत्र-पत्रिकाओं के साथ अथवा उनके बदले अंग्रेजी की पत्र-पत्रिकाएं चुनते हैं । बहरहाल पिछली कुछ यात्राओं के दौरान मैं एक बार मैसूर भी हो आया हूं । कन्नड़भाषी इसे मैसुरु नाम से पुकारते हैं । पौराणिक कथानकों के अनुसार इस नाम को ‘महिषासुर’ दैत्य से जोड़ा जाता है जिसका वध देवी ‘चामुंडा’ ने किया था । वहां पास की ‘चामुंडा हिल्स’ पर देवी मंदिर भी है । मैसूर से बस द्वारा एक-दिनी सैर पर मैं ऊटी भी हो आया हूं । ऊटी को ऊटकमंड, एवं पौराणिक नाम उदकमंडलम्, से भी पुकारा जाता है । यह मैसूर से सौ-एक कि.मी. दूर है । दोनों स्थानों पर मेरा काम हिंदी से चल गया था और अंग्रेजी का प्रयोग बहुत कम करना पड़ा ।

तो ये है एक ‘अपर्याप्त’ विवरण मेरे द्वारा अर्जित भाषाई अनुभवों का । इस लेखमाला की अगली (अंतिम किश्त) में तिरुमल (तिरुपति) के कुछ अनुभव । – योगेन्द्र

वाडियार राजमहल, मैसूरवाडियार राजमहल, मैसूर

ऊटी (समुद्रतल से सात हजार फ़िट) की झीलऊटी (समुद्रतल से सात हजार फ़िट) की झील

बस से ऊटी (नीलगिरि पहाड़ी) जाते समय का एक दृश्य बस से ऊटी (नीलगिरि पहाड़ी) जाते समय का एक दृश्य

Explore posts in the same categories: language, अंग्रेजी, भारत, भाषा, राजभाषा, हिन्दी

Tags: , , , , ,

You can comment below, or link to this permanent URL from your own site.

Comment: